फर्जी खबर, अफवाह और आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
फर्जी खबर, अफवाह और आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
✍️
जसवंत सिंह राजपूत
मो.9981993322
प्रदेश की न्यूज़, जबलपुर
जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए इसके जिम्मेदाराना उपयोग पर बल देना था। बैठक का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें करीब 60 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हाट्सएप के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि इन प्लेटफॉर्म्स का उपयोग समाज में जागरूकता, एकता और सहयोग बढ़ाने के लिए किया जा सकता है, जबकि गलत सूचना, अफवाहें या आपत्तिजनक सामग्री साझा करना समाज पर नकारात्मक असर डालता है।सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, झूठी या अफवाहजनक सामग्री साझा न करें। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले संदेश, अश्लील या फूहड़ वीडियो, अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करने वाले पोस्ट और सड़क पर हुड़दंग मचाते हुए बनाए गए वीडियो से भी बचने की हिदायत दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में बी.एन.एस., आई.टी. एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि बिना अनुमति वाहन रैली निकालकर वीडियो पोस्ट करना, सड़कों पर स्टंटबाजी करना या यातायात बाधित करने वाले कृत्यों को सोशल मीडिया पर प्रदर्शित करना गैरकानूनी है। अधिकारियों ने इन्फ्लुएंसर्स से अपेक्षा की कि वे इसके बजाय लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दें, जिससे समाज में अनुशासन और सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
पुलिस ने बताया कि जबलपुर साइबर सेल टीम लगातार सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है। उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि वे सोशल मीडिया को सुधार और जागरूकता का मंच बनाएं, ऐसी पोस्ट डालें जो शहर, राज्य और देश की स्वच्छता, सुरक्षा और विकास में योगदान दें। बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि सोशल मीडिया जिम्मेदारी से इस्तेमाल हो तो यह समाज को जोड़ने और बेहतर दिशा देने का सशक्त माध्यम बन सकता है।
।। समाचार समाप्त ।।
पोषण आहार के निजीकरण पर सियासी घमासान, महिलाओं के रोजगार का मुद्दा गरमाया
राघव चड्ढा ने संसद में उठाया ‘राइट टू रिकॉल’ का मुद्दा” जानिए किन देशों में लागू है यह व्यवस्था?
रीवा आ रहे नव सेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, इन प्रोग्राम्स में होंगे शामिल