शराब पीकर वाहन चलाने वालों और मॉडिफाई साइलेंसर लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई
✍️
जसवंत सिंह राजपूत 
प्रदेश की न्यूज़, जबलपुर
मो. 9981993322

जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं। इस दौरान थाना प्रभारी एवं राजपत्रित अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर कार्रवाई का निरीक्षण कर रहे हैं।

शनिवार 2 नवंबर की रात चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस टीमों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान 75 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए उनके वाहन जब्त कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।

इसी क्रम में पुलिस ने तेज आवाज करने वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगे दुपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की। कुल 41 दुपहिया वाहन चालकों को थाने लाकर नियमानुसार चालान काटा गया और उनसे 41 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही, सभी वाहनों से मॉडिफाई साइलेंसर हटवाए गए ताकि भविष्य में ध्वनि प्रदूषण एवं सार्वजनिक असुविधा न हो।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आमजन की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करती रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाकर अपने और दूसरों के जीवन को जोखिम में न डालें।

जबलपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ी है। वहीं पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा को लेकर आम जनता में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

।। समाचार समाप्त ।।