दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला: आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, कल से साफ होगा आसमान
नई दिल्ली | देश की राजधानी में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार को तेज हवाओं और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस बीच, शनिवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम यानी 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि सुबह के समय वातावरण में नमी का स्तर 60 प्रतिशत मापा गया है।
मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र ने वीकेंड को लेकर दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर दी है। शनिवार और रविवार दोनों ही दिन आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस मौसमी बदलाव से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से दिल्ली के लोगों को काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली में हवा की स्थिति 'मध्यम'
तापमान में गिरावट के साथ ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है। शनिवार सुबह शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 162 रिकॉर्ड किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर सामान्य से थोड़ा ही ज्यादा है, जिससे फिलहाल सांस लेने में कोई गंभीर समस्या नहीं है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक के मानक
सीपीसीबी द्वारा तय किए गए पैमानों के अनुसार, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई 'बेहतरीन' और 51 से 100 तक का स्तर 'संतोषजनक' माना जाता है। वहीं, 101 से 200 तक के सूचकांक को 'मध्यम' माना गया है। इसके विपरीत, यदि एक्यूआई 201 से 300 के बीच हो तो हवा 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के स्तर पर पहुंचने पर वायु गुणवत्ता 'गंभीर' एवं चिंताजनक श्रेणी में आ जाती है।
राशिफल 23 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कृषि, पशुपालन और उद्यम से जुड़ी धरमजयगढ़ की महिलाएं अब स्थानीय बीजों और अनाजों से बना रहीं राखियां
विष्णुभोग चावल बना जीपीएम जिले का गौरव
रेल यात्रियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा के प्रति जीआरपी की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को प्रदेशभर में मिल रहा जनसमर्थन