यूपी में गर्मी का तांडव: 32 जिलों में लू की चेतावनी, बांदा 44.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म।
लखनऊ|उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप: प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह सात बजे से ही तीखी धूप ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। विशेषकर बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे दक्षिणी जिलों में गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों और बढ़ती तपिश ने लोगों की कठिनाइयां बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यूपी के 32 जिलों में लू (Heat Wave) की चेतावनी जारी की है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल 25 अप्रैल तक इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मंगलवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री और प्रयागराज में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुष्क पछुआ हवाओं के कारण लू की स्थिति बनी है। हालांकि, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है, जिससे मामूली राहत की उम्मीद है।
सावधान: इन 32 जिलों के लिए जारी हुआ 'येलो अलर्ट' प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत और शाहजहांपुर।
स्कूली समय में बदलाव: अब 12:30 बजे तक ही खुलेंगे विद्यालय बढ़ती तपिश को देखते हुए प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। 22 अप्रैल से ये विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। जिलाधिकारी विशाख जी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी लखनऊ का हाल लखनऊ में भी गर्मी का सितम बरकरार है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। स्कूल से लौटते समय बच्चे भी बेहाल नजर आए। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दो-तीन दिनों तक राजधानीवासियों को इसी तरह की तपिश का सामना करना पड़ेगा।
इंदौर में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, PWD अधिकारी सस्पेंड, ग्वालियर अटैच
इंदौर के जलूद में 271 करोड़ की सोलर परियोजना तैयार, CM करेंगे उद्घाटन
पश्चिम बंगाल में 142 सीटों पर मतदान जारी, बूथों पर सुबह से लंबी कतारें
Devi Bhagavata Purana का रहस्य: कौन हैं Durga के स्वामी?