देश-प्रदेश से लाखों लोग पहुंचेंगे जबलपुर के दशहरा उत्सव में
✍️
जसवंत सिंह राजपूत 
मो.9981993322
प्रदेश की न्यूज़, जबलपुर

जबलपुर। नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर जबलपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी सक्रियता और ईमानदारी से काम कर रहा है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए दिन-रात लगातार गश्त, निगरानी और नियंत्रण की व्यवस्था की जा रही है, ताकि हर नागरिक अपने परिवार और बच्चों के साथ सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद उठा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जबलपुर का दशहरा पूरे देश में विशेष महत्व रखता है। यहां की ऐतिहासिक परंपरा और भव्य आयोजन देखने के लिए न केवल प्रदेश बल्कि देशभर से लोग यहां पहुंचते हैं। खासकर नवरात्रि में देवी पंडालों के दर्शन और विजयादशमी के विशाल आयोजन में लाखों की भीड़ उमड़ती है। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपात सेवाओं की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष दशहरा और नवरात्रि के अवसर पर जबलपुर में करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जिला प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु शांति और संयम के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें, जिससे यह पर्व सफलतापूर्वक और शांति से संपन्न हो सके।

।। समाचार समाप्त ।।