वेयरहाउस से मूंग चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, 45 क्विंटल मूंग बरामद
✍️
जसवंत सिंह राजपूत 
मो.9981993322
प्रदेश की न्यूज़, जबलपुर

जबलपुर। थाना मझौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वेयरहाउस से मूंग चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 45 क्विंटल मूंग जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है.

मामला थाना मझौली अंतर्गत ग्राम रानीताल स्थित मेसर्स सियाराम नामक वेयरहाउस से जुड़ा है। फरियादी अमित पवार ने बताया था कि उनके वेयरहाउस में ज्वॉइंट वेंचर स्कीम के तहत 56,573 बोरी मूंग भंडारित थी। 22 जुलाई 2025 को चौकीदार ने सूचना दी कि वेयरहाउस का ताला टूटा हुआ है। मौके पर जांच करने पर पाया गया कि 136 बोरियां गायब हैं, जिनका वजन करीब 68 क्विंटल था। इसकी कीमत 5 लाख 27 हजार रुपये से अधिक आंकी गई थी।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 393/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया और विवेचना शुरू की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिले में गैस गोडाउन से सिलेंडर चोरी की वारदात भी इन्हीं आरोपियों द्वारा की गई थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने कई संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी संतोष यादव निवासी नर्मदा नगर गोहलपुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मूंग चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की गई मूंग को पिकअप और इनोवा वाहन से ले जाकर ग्राम गुर्दा बाईपास के पास छिपाकर रखा गया था। वहीं से आरोपियों ने थोड़ी-थोड़ी मात्रा में मूंग बेचना भी शुरू कर दिया था।

पुलिस ने आरोपी संतोष यादव और उसके साथी नितिन कोरी उर्फ पंडित (निवासी अधारताल) को गिरफ्तार कर लिया। संतोष यादव की निशानदेही पर ग्राम गुर्दा से चोरी की गई 45 क्विंटल मूंग बरामद की गई। पुलिस ने जब्त की गई मूंग की कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी समूह में मोनू कुशवाहा, सोनू कुशवाहा, दीपक साहू, राहुल चौधरी, देव राजक और निखिल रजक भी शामिल थे। इनमें से कुछ आरोपी पहले से ही कटंगी थाना क्षेत्र में सिलेंडर चोरी के मामले में जेल में बंद हैं। पुलिस शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

थाना मझौली की टीम को यह सफलता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में मिली। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में चोरी और नकबजनी जैसे अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

।। समाचार समाप्त ।।