जबलपुर: पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जनसुनवाई में 90 से अधिक शिकायतों को गंभीरता से सुना, त्वरित कार्यवाही के निर्देश

जसवंत सिंह राजपूत 
( प्रदेश की न्यूज़ )

जबलपुर, 17 जून 2025 — आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मंशा के साथ आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया। इस जनसुनवाई में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने विभिन्न प्रकार की कुल 90 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें पति-पत्नी/परिवारिक विवाद, ज़मीन संबंधित प्रकरण, मारपीट एवं साइबर अपराध प्रमुख रूप से शामिल रहे।

श्री उपाध्याय ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान नियमानुसार शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समर वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल/उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय बी.एस. गोठरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय उपस्थित रहीं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर आज समस्त राजपत्रित अधिकारी, शहरी एवं ग्रामीण थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर जनता की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा इस पहल को जनता से सराहना मिल रही है और यह विश्वास बढ़ रहा है कि पुलिस आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उचित समाधान हेतु तत्पर है।