जबलपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी: 2.94 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

जसवंत सिंह राजपूत 
( प्रदेश की न्यूज़- जबलपुर )

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले भर में अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानताल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 500-500 रुपये के नकली नोटों की खेप के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुल 2,94,000 के 588 नकली नोट बरामद किए गए हैं।

👉मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
थाना प्रभारी धीरज राज ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 15 जून 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति 500-500 के नकली नोटों की बड़ी मात्रा में डील करने के इरादे से मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान के पास आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से वहां दबिश दी। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति स्कूली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि दाहिया पिता रामदीन दाहिया उम्र 45 वर्ष, निवासी शुक्ला होटल के पास, घमापुर बताया।

👉नकली नोटों की पहचान और जब्ती
जब आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 500 रुपये के छह बंडल बरामद हुए। नोटों की जांच पर पाया गया कि उनमें से कई नोटों का सीरियल नंबर एक जैसा था, साथ ही गांधी जी का वाटरमार्क भी मौजूद नहीं था — जिससे यह स्पष्ट हुआ कि ये नोट नकली हैं।
बैग से कुल 588 नकली नोट (500-500 रुपये के) बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत ₹2,94,000 है। पुलिस ने तुरंत नकली करेंसी जब्त कर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 181, 182(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

👉टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कनक सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक सादिक अली, अजय डबराल, सुग्रीव तिवारी, आशीष असाटी, आरक्षक ब्रजेश, जय किशोर, आशीष तिवारी, हुलेश परस्ते एवं महिला आरक्षक नंदनी की सराहनीय भूमिका रही।

📌 विशेष टिप्पणी:
जबलपुर पुलिस द्वारा नकली मुद्रा के इस नेटवर्क पर की गई यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश है। जिले में नकली नोटों के प्रचलन को रोकने में यह एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।