शिक्षा के मंदिर के पास नशे का अड्डा: जबलपुर के बरेला CM राइस स्कूल के पास शराब की दुकान, बच्चों की सुरक्षा पर संकट

जसवंत सिंह राजपूत 
( प्रदेश की न्यूज़- जबलपुर )

जबलपुर, बरेला | शहर के बरेला क्षेत्र में स्थित CM राइस स्कूल के पास अंग्रेजी और देसी शराब की दुकानों का संचालन स्थानीय लोगों और अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बन गया है। स्कूल से महज़ कुछ कदमों की दूरी पर स्थित इन दुकानों के कारण बच्चों को प्रतिदिन शराबियों की अश्लीलता और गालियों का सामना करना पड़ रहा है।

👉लग रही चिकन-मटन की दुकान
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के आसपास का इलाका शाम ढलते ही नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। इतना ही नहीं, शराब की दुकानों के आसपास चिकन-मटन की अस्थायी दुकानें भी लग जाती हैं, जिससे माहौल और भी बिगड़ जाता है। गंदगी, झगड़े और शोरगुल के बीच बच्चों को सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है।

👉स्कूल से बाहर निकलने पर डरते हैं बच्चे
एक अभिभावक ने बताया, "हम अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने भेजते हैं, लेकिन स्कूल के बाहर का माहौल देखकर डर लगता है। प्रशासन ने नियम तो बनाए हैं कि स्कूल से कम से कम 200 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान नहीं होनी चाहिए, लेकिन यहां खुलेआम इन नियमों का उल्लंघन हो रहा है।" स्थानीय नागरिकों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नाराज़ लोगों ने जल्द ही धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

👉कब होगी ठोस कार्यवाही
अब सवाल उठता है कि क्या प्रशासन इस मामले में जागरूकता दिखाएगा और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा? या फिर यह मुद्दा भी कागज़ों तक ही सीमित रह जाएगा?